मनीषा शर्मा। गुरुवार को पर्यटन भवन, जयपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान में पर्यटन के विकास और ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024’ की तैयारियों पर चर्चा की। इस बैठक में शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग के अधिकारी रवि जैन की उपस्थिति में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पर्यटन विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं, अन्य योजनाओं और पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
दिया कुमारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि समिट से पहले 8 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित होने वाली प्री-समिट में विभिन्न स्टेकहोल्डर्स को राजस्थान में पर्यटन के क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्री-समिट के बाद दिसंबर में होने वाले समिट के दौरान पर्यटन क्षेत्र में निवेश के कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे, जो राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में नए द्वार खोलेंगे।
बैठक में राज्य की नई पर्यटन इकाई नीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। दिया कुमारी ने बताया कि इस नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जल्द ही इसे राज्य में लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटन को और अधिक संगठित और सुविधाजनक बनाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा निवेश आकर्षित हो सके।
दिया कुमारी ने राजस्थान को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य दोहराते हुए कहा कि राज्य में पर्यटन के विभिन्न अवसरों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। चाहे वह वेडिंग डेस्टिनेशन हो, ग्रामीण पर्यटन, इको-टूरिज्म, या वाइल्डलाइफ टूरिज्म हो, हर क्षेत्र में राज्य सरकार पर्यटन को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सुरक्षा, सफाई, और उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं मुहैया कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जयपुर शहर की ऐतिहासिक चार दिवारी की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। हाल ही में दिए गए अपने दौरे का उल्लेख करते हुए, दिया कुमारी ने कहा कि शहर में पर्यटन विकास के लिए यूडीएच, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय से कार्य किया जा रहा है ताकि जयपुर और राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा सकें। बैठक में पर्यटन आयुक्त विजय पाल सिंह, राजस्थान पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक सुषमा अरोड़ा, निदेशक पुरातत्व विभाग पंकज धरेन्द्र समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


