शोभना शर्मा। आज यानी 17 सितंबर को पूरे देश में रिलायंस जियो की सेवाएं अचानक ठप हो गई हैं, जिससे लाखों यूजर्स को नेटवर्क की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यह आउटेज सबसे पहले मुंबई से शुरू हुआ, और धीरे-धीरे दिल्ली, लखनऊ, नागपुर, चेन्नई, पटना और कोलकाता समेत देश के कई बड़े शहरों में फैल गया।
सोशल मीडिया पर जियो यूजर्स अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। कई यूजर्स ने बताया कि उन्हें घंटों से मोबाइल नेटवर्क या इंटरनेट सेवा नहीं मिल रही है। इतना ही नहीं, जियो फाइबर से जुड़े यूजर्स ने भी शिकायत की है कि उनके ब्रॉडबैंड की सेवाएं भी ठप हैं।
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट downdetector पर भी जियो के सर्विस ठप होने की पुष्टि की गई है। इस साइट पर एक घंटे के भीतर 10,000 से अधिक लोगों ने शिकायतें दर्ज करवाईं। इनमें से 67% ने नो सिग्नल, 20% ने मोबाइल इंटरनेट और 14% ने जियो फाइबर से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की है।
downdetector के अनुसार, मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, नागपुर, हैदराबाद, अहमदाबाद और गुवाहाटी जैसे बड़े शहरों में भी जियो की सेवाएं प्रभावित हैं।
मई और जून 2024 में भी ठप हुई थी सेवाएं
इससे पहले मई और जून 2024 में भी मुंबई में जियो की सेवाएं घंटों तक ठप रही थीं, जिसके बाद कंपनी को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार समस्या और भी व्यापक है, जिससे देश के कई हिस्सों में सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
यूजर्स की नाराजगी और शिकायतें
सोशल मीडिया पर जियो यूजर्स लगातार अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी होने के बावजूद जियो के नेटवर्क में बार-बार इस तरह की समस्याएं क्यों आती हैं। कंपनी की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिससे यूजर्स की चिंता और बढ़ गई है।
जियो यूजर्स अब कंपनी से इस समस्या का जल्द समाधान और स्पष्टीकरण की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि उन्हें इस असुविधा से जल्द से जल्द राहत मिले।


