शोभना शर्मा, अजमेर। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के सर्किट हाऊस में जिला कलक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न दिशा निर्देश दिए ताकि बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेजी से हो सके।
देवनानी ने कहा कि बारिश के दौरान पानी भरने वाले क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई जाए ताकि मच्छरजनित बीमारियों से बचाव हो सके। साथ ही, बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी जल्द से जल्द करवाई जाए। उन्होंने केसर बाग चौकी के पास स्थित नाले को गहरा करने और पुलिया के निर्माण के निर्देश भी दिए। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और मड पंप की मदद से गलियों से पानी की निकासी की व्यवस्था पर भी जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि आनासागर और फॉयसागर की जलभराव क्षमता को बढ़ाने के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएं। टी.बी. अस्पताल के सामने स्थित पुराने नाले को बहाल करने के निर्देश दिए ताकि अग्रसेन नाले के माध्यम से पानी की निकासी हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने वैशाली नगर, मूक बधिर विद्यालय, और एच.के.एच. स्कूल के सामने सीवरेज चैंबरों के ओवरफ्लो होने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया और कहा कि इस समस्या को हल करने के लिए चौरसियावास तालाब के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाए और पेरलल लाइन डाली जाए। फ्रेंड्स कॉलोनी के पास नाहर की नाड़ी की दीवार का निर्माण भी आवश्यक है।
रामनगर सरकारी डिस्पेंसरी के पीछे की ओर आ रही बांड़ी नदी की क्षतिग्रस्त दीवार के निर्माण पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सिनेवल्र्ड चौराहे से कोटड़ा जाने वाले मार्ग को ऊंचा करके फिर से निर्माण करने और फॉयसागर झील की हाथीखेड़ा की पाल के निर्माण के आदेश भी दिए गए। बैठक में जिला कलक्टर लोक बंधु, एडीए आयुक्त नित्या के., और नगर निगम आयुक्त देशल दान उपस्थित थे।


