latest-news

राजस्थान में 3 साल में नहीं रहेगा शिक्षकों का एक भी पद खाली

राजस्थान में 3 साल में नहीं रहेगा शिक्षकों का एक भी पद खाली

शोभना शर्मा।  राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राज्य में शिक्षकों के खाली पदों को लेकर बड़ी घोषणा की है। सोमवार को झालावाड़ दौरे पर उन्होंने कहा कि आगामी 3 वर्षों में राज्य के शिक्षा विभाग में एक भी पद रिक्त नहीं रहेगा। वर्तमान में राज्य के शिक्षा विभाग में करीब 1 लाख 25 हजार पद खाली हैं, जिसमें वरिष्ठ अध्यापक, थर्ड ग्रेड टीचर, कंप्यूटर अनुदेशक, प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और व्याख्याता शामिल हैं। इन पदों को भरने का आश्वासन मिलने से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवा बेरोजगारों में उम्मीद की किरण जगी है।

शिक्षा विभाग में रिक्त पदों की स्थिति

राजस्थान के शिक्षा विभाग में कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली हैं। इनमें 25,502 वरिष्ठ अध्यापक, 23,555 थर्ड ग्रेड टीचर, 4 हजार कंप्यूटर अनुदेशक और 7,384 प्रिंसिपल के पद शामिल हैं। इसके अलावा वाइस प्रिंसिपल के 7,526 और व्याख्याता के 17,285 पद भी रिक्त हैं। शिक्षा मंत्री ने गारंटी दी है कि अगले 3 सालों में ये सभी पद भरे जाएंगे, जिससे राज्य में शिक्षा का ढांचा मजबूत होगा।

प्रखर राजस्थान रीडिंग अभियान का शुभारंभ

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने झालावाड़ के कनवाड़ी गांव में ‘प्रखर राजस्थान रीडिंग अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत राज्य के 65 हजार विद्यालयों के करीब 80 लाख बच्चों को किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान 9 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत हिन्दी दिवस मनाने, स्थानीय भाषा में कविता-कहानी सुनाने, और निपुण मेले जैसे कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

शिक्षा में सुधार की दिशा

मंत्री दिलावर के अनुसार, इस रीडिंग अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति आत्मविश्वास और आनंद बढ़ाना है। इससे न केवल सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार और ज्ञान का भी विकास होगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से कहा कि वे बच्चों को व्याकरण का गहन ज्ञान दें, ताकि उनकी भाषा कौशल बेहतर हो सके।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading