Shobhna Sharma Ajmer. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपने परिवार के साथ अजमेर पहुंचे और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जियारत की। उन्होंने दरगाह में देश और प्रदेश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। सोरेन ने कहा कि अजमेर शरीफ दरगाह में मथा टेकने का अवसर मिला, और उन्होंने इसे हमेशा की तरह एक आध्यात्मिक अनुभव बताया।
सोरेन ने कहा, “हम हमेशा से एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चलते आए हैं और यही भाईचारा आगे भी बना रहे, यही दुआ की है।” उन्होंने अपने दौरे को धार्मिक यात्रा के रूप में बताया और कहा कि जो भी मिलता है, वह ऊपर वाले की कृपा से ही मिलता है।
शिवराज सिंह के आरोपों पर सोरेन का जवाब
सोरेन से जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के आरोपों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “शिवराज सिंह हमारे विपक्ष के लोग हैं, वे कुछ भी बोल सकते हैं।” इसके साथ ही सोरेन ने केंद्र सरकार के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश देख रहा है और इसका जवाब भी दे रहा है।
धार्मिक यात्रा पर ही ध्यान
जब उनसे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर पूछा गया, तो हेमंत सोरेन ने इसे नजरअंदाज करते हुए कहा कि वे अभी धार्मिक यात्रा पर हैं और इसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।


