शोभना शर्मा। राजस्थान में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के मुद्दों पर राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी राजधानी जयपुर में गुरुवार से आयोजित होने वाली दो दिवसीय स्टेट लेवल पुलिस कांफ्रेंस में मंथन करेंगे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्कल रंजन साहू ने बताया कि इस कांफ्रेंस का आयोजन जनवरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुए राष्ट्रीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन के निर्णयों के अनुरूप किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस कांफ्रेंस का उद्घाटन करेंगे, जिसमें ‘पुलिसिंग विद एक्सीलेंस: द वे फॉरवर्ड’ विषय पर चर्चा होगी। उद्घाटन सत्र में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव सुधांश पंत, और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
कांफ्रेंस के दौरान राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विषय विशेषज्ञ बेहतर पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। मुख्य विषयों में नई आपराधिक कानून व्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के टूल्स, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर सुरक्षा, महिला और बच्चों के विरुद्ध अपराध, रोड सेफ्टी और आंतरिक सुरक्षा शामिल हैं।
यह कांफ्रेंस राज्य में पुलिसिंग के नए मानकों को स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


