शोभना शर्मा। भीलवाड़ा शहर में धार्मिक स्थल के बाहर पशु अवशेष मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। 25 अगस्त को भवानी नगर स्थित धार्मिक स्थल के बाहर अवशेष मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। रविवार को भीड़ ने पुलिस चौकी की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने परशुराम सर्किल पर इकट्ठा होकर बाजार बंद कराए और कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पथराव भी हुआ। शहर के शास्त्रीनगर और भवानी नगर इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और बाजार बंद है। पुलिस प्रशासन तनावपूर्ण माहौल को शांत करने की कोशिश कर रहा है।