शोभना शर्मा। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बुधवार को अपनी हड़ताल आंशिक रूप से वापस लेने का निर्णय लिया। जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (जार्ड) और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बीच हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए 30 बॉडीगार्ड्स लगाए जाएंगे और पुलिस चौकी की स्ट्रेंथ बढ़ाई जाएगी।
हालांकि, ओपीडी, वार्ड सेवाएं और रूटीन ऑपरेशन थिएटर सेवाएं फिलहाल सस्पेंड रहेंगी। रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाएं, आईसीयू, इमरजेंसी ओटी और लेबर रूम सेवाएं बहाल की जा रही हैं।
इस बैठक में राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों ने भी भाग लिया। अजमेर में 650 और जोधपुर में 750 रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त कर दी है और वे इमरजेंसी सेवाओं में वापस लौट आए हैं। हड़ताल का यह निर्णय कोलकाता में हुई घटना के विरोध में लिया गया था, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था के आश्वासन के बाद हड़ताल वापस ले ली गई है।


