शोभना शर्मा। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते सोमवार को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भारी भीड़ देखी जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे और राजस्थान राज्य परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं और स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं। इसके बावजूद भीड़ के आगे ये व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। सिंधी कैंप बस स्टैंड और जयपुर जंक्शन पर यात्रियों का रेला देखा गया है।
प्राइवेट बसों के लिए भी लोग लाइन में लगकर टिकट खरीद रहे हैं। भरतपुर, हिंडौन, और आगरा रूट पर भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं, सोमवार को रक्षाबंधन के दिन राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा की सुविधा होगी। यह सुविधा रात 12 बजे से शुरू होकर अगले 24 घंटे तक जारी रहेगी।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने आदेश जारी किया है कि प्रदेश की सभी महिलाएं और बालिकाएं 19 अगस्त 2024 को राज्य की सभी कैटेगरी की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, यह सुविधा एसी, वॉल्वो और ऑल इंडिया परमिट की बसों पर लागू नहीं होगी।


