शोभना शर्मा। राजधानी जयपुर में यातायात की गंभीर समस्या से निपटने और शहर के विकास को गति देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जेडीसी आनंदी की अध्यक्षता में आयोजित पब्लिक वर्क्स कमेटी (PWC) की बैठक में शुक्रवार को 665 करोड़ रुपये की लागत से 6 अहम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट अरण्य भवन चौराहे से जगतपुरा आरओबी तक बनने वाला एलिवेटेड रोड है, जो शहर में बढ़ते जाम से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
560 करोड़ की लागत से बनेगा एलिवेटेड रोड
बैठक में तय किया गया कि जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) अरण्य भवन चौराहे से लेकर जगतपुरा आरओबी तक 4.4 किलोमीटर लंबा फोरलेन एलिवेटेड रोड बनाएगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 560 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एलिवेटेड रोड पर 3 रैम्प बनाए जाएंगे ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके और आवागमन सुचारू रूप से हो। जेडीए ने इस प्रोजेक्ट को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उम्मीद है कि नए साल की शुरुआत में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।
स्वर्ण विहार आवासीय योजना में सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट
बैठक में पृथ्वीराज नगर-दक्षिण के स्वर्ण विहार आवासीय योजना में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में सीवर लाइन जोड़ने और बिछाने के लिए 78.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इस प्रोजेक्ट से आवासीय योजना में जल निकासी और सीवेज प्रबंधन की समस्या का समाधान होगा।
शहर को मिलेगा आकर्षक लुक, लगेगी डेकोरेटिव लाइट
जयपुर की सुंदरता और रोशनी को और बेहतर बनाने के लिए वीटी रोड, अरावली मार्ग और मध्यम मार्ग पर डेकोरेटिव लाइट लगाने का निर्णय लिया गया है। इस काम पर 9.11 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे न केवल शहर का स्वरूप बदलेगा बल्कि रात्रि यातायात भी सुरक्षित और सुगम होगा।
गोनेर रोड से रिंग रोड तक नई सेक्टर रोड
बैठक में गोनेर रोड से रिंग रोड तक 30 फीट चौड़ी सेक्टर रोड के निर्माण की मंजूरी भी दी गई है। इस प्रोजेक्ट पर 8.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सेक्टर रोड से आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगमता आएगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
रोड कट की मरम्मत और सांगानेर में सड़क निर्माण
जोन-11 में जलदाय विभाग की ओर से की गई रोड कटिंग को दुरुस्त करने के लिए 2.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई। वहीं सांगानेर क्षेत्र के जोन सात में अनुमोदित कॉलोनियों में सड़क निर्माण के लिए 3.16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन प्रोजेक्ट से स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी।
विकास को नई दिशा
जेडीसी आनंदी ने बैठक में कहा कि जयपुर तेजी से बढ़ते शहरों में से एक है और यातायात समस्या को हल करने के लिए एलिवेटेड रोड सहित कई नई परियोजनाएं समय की मांग हैं। इन प्रोजेक्ट्स से न केवल शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।


